मंगलवार, 17 नवंबर 2009

भारतीय भाषाओं में लिप्यन्तरण के संसाधन और विधियाँ





कल दी गई जानकारी और सूचना को पढ़ कर एक पाठक ने अपने पत्र में लिप्यन्तरण को लेकर कुछ प्रश्न किया है| वह प्रश्न और भी किसी के मन में हो सकता है, इसलिए अपनी जानकारी के अनुसार उसका यथासंभव उत्तर मैं यहाँ देने का यत्न करूँगी|  


आशा है, इस से विविध भारतीय भाषाओं में परस्पर आदान प्रदान की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिले तथा भारतीय भाषाओं में कम्प्यूटिंग की सुविधा अधिकतम लोगों तक पहुँच कर इसके प्रयोक्ताओं की संख्या बढ़े या अधिक कार्यसुगम होते जाने से नए प्रयोक्ताओं को भी प्रोत्साहन मिले|




एक पाठक अरुण मंडल जी ने ईमेल से पूछा है कि -




आदरणीय मैडम

आपने बहुत अच्छी जानकारी दी है. धन्यवाद.
मैडम मैंने हिंदी में टाइप किया है, कृपया बताएं कि हिंदी पाठ को किस प्रकार से तेलुगु में परिवर्तित किया जाए.

धन्यवाद
अरुण कुमार मंडल









अरुण मंडल जी व उन जैसे अन्य पाठकों की सुविधा के लिए निवेदन   है कि -





जिस संसाधन की जानकारी का उल्लेख यहाँ किया गया है, वह रोमन कीबोर्ड से रोमन में टाईप करने पर वांछित लिपि में सामग्री उपलब्ध करवाता है, उदाहरणार्थ यदि आप रोमन में Arun Mandal टाईप करेंगे (हिन्दी का चयन करके) तो आप को इस संसाधन द्वारा अरुण मंडल लिखा हुआ आ जाएगा| यदि आप हिन्दी की अपेक्षा तेलुगु का चयन करते हैं (ड्रॉप डाउन मेनू में दी भाषा नामों की लिपियों में से) तो आप को Arun Mandal का तेलुगु रूप అరుణ్ మండల आ जाएगा| इस संसाधन द्वारा आपको तेलुगु में सामग्री प्राप्त करने के लिए रोमन - देवनागरी - तेलुगु का क्रम नहीं अपनाना अपितु सीधे ही रोमन - तेलुगु  करना है|







यह तो रही भविष्य में टाईप होने वाली सामग्री की वांछित लिपि में उपलब्धता की बात|








आप के ईमेल से एक आभास यह भी होता है कि आप के पास पूर्व में (भूतकाल में) कुछ सामग्री तेलुगु में टाईप की हुई रखी है और उसे आप देवनागरी में लिप्यन्तरित करना चाहते हैं| यदि ऐसा है तो उसका निदान अलग संसाधन से होगा| उसे आप इस संसाधन द्वारा लिप्यन्तरित नहीं कर सकते| उसके लिए श्री विपुल जैन और श्री आलोक कुमार के गिरगिट टूल की आवश्यकता होगी| यदि यह सामग्री तेलुगु के यूनिकोड फॉण्ट में टाईप है तो उसे देवनागरी में लिप्यन्तरित करना बहुत सरल है |


 इसके पुनः दो पक्ष हैं -






 १) -  क्या यह सामग्री किसी वेबपेज/साईट अथवा ब्लॉग पर संरक्षित है? और आप पाठकों को यथावसर उसे देवनागरी में लिप्यन्तरित करने की  सुविधा देना चाहते हैं? यदि ऐसा हो तो आप उस ब्लॉग/साईट अथवा वेबपेज  गिरगिट टूल संस्थापित कर लें | उदाहरणार्थ आप हिन्दी-भारत   अथवा  वागर्थ को देखें | इसमें मुखपृष्ठ पर (लेख से पूर्व) भाषाओं के नाम दिए हैं| आप उनमें से कोई भी एक भाषा चुन कर उस पर क्लिक करें, तुरंत पूरी की पूरी सामग्री निर्दिष्ट लिपि में लिप्यन्तरित हो जाएगी| कहने का आशय यह है कि यदि इसी प्रकार तेलुगु,तमिल अथवा अन्य लिपि वाले ब्लॉग पर यह टूल संस्थापित कर दिया जाए तो एक क्लिक से ही पूरी सामग्री लिप्यन्तरित  हो जाती है |



2)  -   यदि सामग्री किसी वेबपेज अथवा ब्लॉग आदि पर नहीं है तो उसे देवनागरी में लिप्यन्तरित करने का तरीका भी है| आप को इस लिंक  पर जा कर देवनागरी से तेलुगु का विकल्प चुन कर अपनी सामग्री को कोपी पेस्ट की सहायता से धीरे धीरे लिप्यन्तरित कर लेना है| ध्यान रहे कि यह संसाधन केवल यूनिकोड में टाईप की गई सामग्री को ही स्वीकारता है | इसकी सहायता से आप  १०  लिपियों में तुरंत वांछित परिणाम पा सकते हैं|

आशा है, इस जानकारी से आपका समाधान हो जाएगा|

2 टिप्‍पणियां:

आपकी प्रतिक्रियाएँ मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं।
अग्रिम आभार जैसे शब्द कहकर भी आपकी सदाशयता का मूल्यांकन नहीं कर सकती।
आपकी इन प्रतिक्रियाओं की सार्थकता बनी रहे कृपया इसका ध्यान रखें।

Related Posts with Thumbnails

फ़ॉलोअर